हाउसिंग बोर्ड की स्थिति सुधार पर वित्त मंत्री ने जताया संतोष, कांग्रेस पर साधा निशाना
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आवास मेले की सफलता से यह स्पष्ट होता है कि हाउसिंग बोर्ड में नीतिगत सुधार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार बोर्ड को मृतप्राय स्थिति में छोड़ गई थी और उस समय 790 करोड़ रुपए का लोन चढ़ा हुआ था। पहले बिना मांग के कई परियोजनाएं स्वीकृत हो जाती थीं, जिसे वर्तमान सरकार ने व्यवस्थित किया है।
धमतरी में कांग्रेस नेताओं की आपसी मारपीट पर टिप्पणी करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सत्ता लोलुपता, रिश्वतखोरी और आपसी टकराव कांग्रेस पार्टी की पुरानी संस्कृति रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी आज डूबती नाव की स्थिति में है और इस प्रकार की अफरातफरी स्वाभाविक है। मंत्री ने यह भी कहा कि देश की जनता ने राहुल गांधी के नेतृत्व को नकार दिया है।
