अरपा नदी में मिला हाईकोर्ट अधिवक्ता का शव, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका

बिलासपुर। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अरपा नदी के पुराने पुल के पास एक युवक का शव तैरता हुआ मिला, जिसकी पहचान भाटापारा निवासी और मंगला में रहने वाले हाईकोर्ट अधिवक्ता राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात रिवर व्यू और अरपा पुल पर कुछ युवक तस्वीरें ले रहे थे, तभी उन्हें नदी की तेज धारा में एक हाथ दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास भीड़ लग गई और पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम ने देर रात मशक्कत कर शव को बाहर निकाला।

बताया गया कि अधिवक्ता राहुल अग्रवाल पिछले सात वर्षों से मंगला में रहकर हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे थे। गुरुवार रात वे एक दोस्त की शादी में मोपका गए थे। रात करीब 12 बजे उनकी कार अरपा पुल के बीचोंबीच खड़ी मिली। कार संदिग्ध स्थिति में मिलने पर रात तीन बजे पुलिस उसे थाने ले गई थी।

इधर, अधिवक्ता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। नदी में मिला शव ठीक उसी स्थान के नीचे पाया गया, जहां पुल पर कार खड़ी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि जांच जारी है।

About The Author