दूरस्थ आदिवासी अंचलों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट को दिखाई हरी झंडी
नवा रायपुर। दूरस्थ और घने वनांचल वाले आदिवासी क्षेत्रों में अब स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों के दरवाजे तक पहुंचेंगी। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान पीएम जनमन के तहत बुधवार को नवा रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मोबाइल मेडिकल यूनिटों के संचालन से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अस्पताल तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह पहल स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे गांवों और बसाहटों तक उपलब्ध कराएगी।
इन मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से प्रदेश के 18 जिलों के 2100 से अधिक गांवों और बसाहटों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। इससे दो लाख से अधिक विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में रहने वाले परिवारों को अब इलाज और जांच की सुविधा उनके गांव में ही उपलब्ध होगी। उन्होंने इस पहल को आदिवासी समुदायों की सर्वांगीण भागीदारी और स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बताया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का क्षण है। प्रदेश की तीन करोड़ आबादी में विशेष पिछड़ी जनजाति के लगभग दो लाख तीस हजार लोग 18 जिलों की 2100 बसाहटों में निवासरत हैं। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट उनके लिए वरदान साबित होंगी। 57 सर्वसुविधायुक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और स्थानीय वालंटियर की टीम सेवाएं देगी। इनमें 25 प्रकार की जांच सुविधाएं और 106 प्रकार की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय निरंतर प्रयास कर रहे हैं। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट उन सुदूर वनांचलों के लिए समर्पित हैं, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सीमित है। उन्होंने कहा कि आज 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट पूरे प्रदेश को समर्पित की गई हैं, जो प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
