एम्स में भर्ती गाजियाबाद के हरीश राणा को दी जा रही अंतिम विदाई, लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटाया गया
गाजियाबाद निवासी हरीश राणा की जीवन यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। एम्स के इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर अस्पताल की पैलिएटिव केयर यूनिट में भर्ती हरीश राणा का लाइफ सपोर्ट सिस्टम धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। उनकी विदाई से जुड़ा एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें इस दुखद प्रक्रिया की झलक देखी जा सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में बेहद सावधानी के साथ उनके लाइफ सपोर्ट से जुड़े उपकरण हटाए जा रहे हैं। डॉक्टरों की एक विशेष टीम पूरी स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल और कानूनी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संचालित की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ उपकरण हटाए जाने के बाद अब हरीश राणा का शरीर किस तरह प्रतिक्रिया करता है, इस पर आगे का निर्णय निर्भर करेगा। डॉक्टरों के अनुसार, यह निष्क्रिय इच्छामृत्यु की प्रक्रिया है जो चिकित्सकीय स्थिति के आधार पर आगे बढ़ रही है। हालांकि, इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के लिए कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है।
