दुर्ग : नहर किनारे युवती का आधा जला शव बरामद, धारदार हथियार से हत्या के बाद जलाने की आशंका

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरई गांव के करगाडीह रोड स्थित नहर किनारे सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों को एक युवती का आधा जला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्राथमिक जांच में घटनास्थल से एक धारदार हथियार बरामद हुआ है तथा पास के पत्थरों पर खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवती की पहले धारदार हथियार से हत्या की गई, इसके बाद पत्थरों से कुचलकर सबूत मिटाने के इरादे से पेट्रोल या किसी ज्वलनशील पदार्थ डालकर शव जला दिया गया।

फॉरेंसिक टीम ने खून के नमूने, जले अवशेष, मिट्टी के सैंपल तथा बरामद हथियार को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा निकटवर्ती गांवों में पूछताछ कर रही है।

शव बुरी तरह जल चुका है, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। पुलिस ने आसपास के थानों से लापता युवतियों की सूची मंगवाई है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिल रहा है कि हत्या कहीं और की गई और शव को सुनसान स्थान पर लाकर जलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी तक पहुंचा जाएगा। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

About The Author