मध्यप्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 15 से 29 जुलाई तक मनाया जाएगा ‘गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा’
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, भारतीय संस्कारों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक ‘गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। विद्यार्थियों में अपने शिक्षकों के प्रति आदर, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करने के लिए राज्य सरकार विद्यालयों में विभिन्न प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन कर रही है। गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस दौरान प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और गुरु के महत्व से परिचित कराना है, ताकि उनमें जीवनभर अपने शिक्षकों और संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रही है। गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और भारतीय परंपराओं के प्रति जुड़ाव को मजबूत करेगा।
