शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को रोजगार प्रदान करने के साथ-साथ राज्य की शिक्षा व्यवस्था को भी और अधिक मजबूत बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित होना संभावित है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता की ओर ले जाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश के युवा आने वाले समय में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान देंगे।
