रिकॉर्ड ऊंचाई से औंधे मुंह गिरे गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ, निवेशकों को लगा बड़ा झटका
शेयर बाजार में लगातार गिरावट और सोने-चांदी में तेजी के बाद निवेशकों का रुझान इन धातुओं की ओर बढ़ा था। इस दौरान कई निवेशकों ने सोने और चांदी के ईटीएफ में रिकॉर्ड ऊंचाई पर खरीदारी की।
अब इन ईटीएफ में भारी गिरावट देखी जा रही है। सिल्वर ईटीएफ अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से करीब 40 प्रतिशत तक टूट चुके हैं, जबकि गोल्ड ईटीएफ में 15 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। गिरावट का सिलसिला अभी भी जारी है। रिकॉर्ड ऊंचाई पर खरीदारी करने वाले निवेशक अब नुकसान में हैं और खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं।
मंगलवार को एमसीएक्स पर सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना 2,127 रुपये कम होकर 1,52,633 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी 8,800 रुपये घटकर 2,31,006 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इस वजह से गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ भी प्रभावित हुए। सिल्वर ईटीएफ में 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, जबकि गोल्ड ईटीएफ में करीब 2 प्रतिशत की कमी देखी गई।
निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ 29 जनवरी को 360 रुपये के स्तर पर था, लेकिन अब यह 219-220 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है, जो अपने उच्चतम स्तर से लगभग 40 प्रतिशत नीचे है। इसी तरह आईसीआईसीआई सिल्वर ईटीएफ, एसबीआई सिल्वर ईटीएफ और टाटा सिल्वर ईटीएफ में भी करीब 40 प्रतिशत की गिरावट आई है।
गोल्ड ईटीएफ में भी नुकसान हुआ है। निप्पॉन इंडिया गोल्ड ईटीएफ 29 जनवरी को 148 रुपये के करीब था, लेकिन अब यह 124-127 रुपये के स्तर पर है, यानी 15 प्रतिशत से अधिक की कमी। एसबीआई गोल्ड ईटीएफ, आईसीआईसीआई गोल्ड ईटीएफ और टाटा गोल्ड ईटीएफ में भी तेज गिरावट देखी गई है।
गिरावट के प्रमुख कारण वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में कमी है, जिससे निवेशक सुरक्षित संपत्तियों से दूर हो रहे हैं। अमेरिकी रोजगार आंकड़ों में मजबूत संकेत मिलने से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम हुई हैं। इसके अलावा डॉलर में मजबूती ने भी सोने-चांदी के दाम पर दबाव डाला है, जिसका असर ईटीएफ की कीमतों पर पड़ा है।
