मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गोवा के मंत्री रमेश तावड़कर ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज उनके निवास कार्यालय में गोवा के खेल, युवा मामले तथा जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए तावड़कर का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में बस्तर आर्ट का प्रतीक और जशपुर के स्थानीय उत्पाद भेंट किए।
इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री साय और मंत्री तावड़कर के मध्य जनजातीय कल्याण तथा खेलों के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेलों को निरंतर प्रोत्साहन दे रही है और आधुनिक खेल अधोसंरचना के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि देश के प्रथम ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी करना छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। यह आयोजन जनजातीय युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाएगा।
उल्लेखनीय है कि रमेश तावड़कर के नेतृत्व में गोवा सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में सम्मिलित होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचा है। यह दल खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता के साथ ही छत्तीसगढ़ मुक्तांगन और आदिवासी संग्रहालय जैसे स्थलों का भ्रमण कर राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति एवं विरासत का भी अवलोकन करेगा।
