ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक ने किया जगदलपुर स्टेशन का निरीक्षण, दोहरीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जगदलपुर: ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फंकवाल ने शुक्रवार को जगदलपुर-किरंदुल-कोत्तावलसा रेललाइन के दोहरीकरण और अमृत स्टेशन योजना के तहत जारी विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जगदलपुर रेलवे स्टेशन और डिलमिली क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि केके रेल मार्ग पर लाइन दोहरीकरण का कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से जुड़ी स्वीकृतियां मिलने के बाद अब कार्य की गति तेज हो गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में रेल यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।

अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के कायाकल्प पर जोर देते हुए उन्होंने प्लेटफॉर्म सुधार, प्रतीक्षालय, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में तैयार किए गए ग्रीन लॉन और बस्तर की पारंपरिक ट्राइबल आर्ट की उन्होंने सराहना की और इसे यात्रियों के लिए मुख्य आकर्षण बताया।

जीएम परमेश्वर फंकवाल ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में यात्रियों की बढ़ती संख्या और नई ट्रेनों की मांग को देखते हुए रेलवे बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रहा है। आने वाले समय में यहां यात्री सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।

About The Author