2000 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एसटीएफ ने नोएडा से कंपनी डायरेक्टर को दबोचा
भोपाल: मध्य प्रदेश एसटीएफ ने फर्जी कंपनी में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रायनेट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर ऋषिकेश राय को नोएडा से गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान कंपनी के बैंक खातों में 2062 करोड़ रुपये के भारी-भरकम लेनदेन का खुलासा हुआ है।
एसटीएफ की टीम इस मामले में अब तक 16 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है। गिरोह का मुख्य आरोपी नवाब उर्फ लविश चौधरी फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहकर अपनी गतिविधियां चला रहा है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उसे भारत वापस लाने के लिए लुक आउट नोटिस जारी कर प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
निवेश पर भारी मुनाफे का दिया लालच
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर भारत में बिना पंजीकरण के चल रही कई कंपनियों के नाम पर निवेश कराता था। निवेशकों को फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर हर महीने 6 से 8 प्रतिशत का निश्चित रिटर्न देने का झूठा लालच दिया जाता था। यह राशि यूएसडीटी और अन्य माध्यमों से प्राप्त कर रायनेट टेक्नोलॉजी के बैंक खातों में जमा की जाती थी।
विशेष जांच दल का गठन
इस बड़े फर्जीवाड़े को लेकर भोपाल एसटीएफ थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहराई से जांच के लिए एसटीएफ मुख्यालय ने उप पुलिस अधीक्षक जगदीश सिंह सिद्धू के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस की टीमें अब फरार अन्य आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
