बिलासपुर में 48 घंटे में चार वाहन चोरी, पुलिस ने दर्ज किए मामले
बिलासपुर। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। बीते 48 घंटों के भीतर अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिल और एक पिकअप वाहन चोरी हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना तोरवा क्षेत्र के लालखदान की है, जहां निवासी अशरफ हुसैन के घर के बाहर खड़ी पिकअप वाहन चोरी हो गई। शुक्रवार सुबह नमाज के बाद जब परिवार बाहर निकला, तो वाहन गायब मिला। पिकअप की कीमत लगभग सवा लाख रुपये बताई जा रही है।
दूसरी घटना जिला न्यायालय परिसर की है। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरी निवासी किसान रवि इंदुवाकर अपनी मोटरसाइकिल से पेशी के लिए कोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने वाहन पार्किंग में खड़ा किया था, लेकिन करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली।
तीसरी घटना कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन कॉलेज की है। बी-फार्मेसी के छात्र प्रियेश साहू की मोटरसाइकिल कॉलेज परिसर की पार्किंग से चोरी हो गई। उन्होंने सुबह वाहन खड़ा किया था और शाम को लौटने पर बाइक नहीं मिली।
चौथी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र में हुई। ग्राम नगोई निवासी अशोक साहू बहतराई रोड स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गए थे। जल्दबाजी में वे अपनी बाइक लॉक करना भूल गए और बाहर आने पर वाहन गायब मिला।
पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में चिंता का माहौल है।
