मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव की मुलाकात

रायपुर। विष्णु देव साय से आज नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कपिल देव का स्वागत करते हुए उन्हें बेल मेटल से बनी प्रतिकृति और पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ कॉफी टेबल बुक भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए अधोसंरचना, प्रशिक्षण और अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के माहौल में प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे तथा छत्तीसगढ़ सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा।

About The Author