संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के बाद वन विभाग में फेरबदल, दो आईएफएस अधिकारियों का तबादला
रायपुर। अंबिकापुर के संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के मामले के बाद वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने दो आईएफएस अधिकारियों का तबादला करते हुए जिम्मेदारियों में बदलाव किया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रभाकर खलखो को सरगुजा से हटाकर कोरिया में वन उप संरक्षक पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं चन्द्रशेखर शंकर सिंह परदेशी को कोरिया से सरगुजा में प्रभारी वन संरक्षक कार्य योजना मंडल के पद पर नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि 21 मार्च को सरगुजा वनमंडल के संजय वन वाटिका में 4 से 5 कुत्तों के झुंड ने बाड़े में घुसकर हिरणों पर हमला कर दिया था, जिससे 15 हिरणों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रबंधन ने मामले को दबाने के प्रयास में 14 हिरणों के शव को जंगल में जला दिया था।
मामले की जानकारी मिलने पर डीएफओ अभिषेक जोगावत मौके पर पहुंचे, जहां एक हिरण का शव बाड़े में मिला और अन्य शवों को जलाए जाने के प्रमाण भी सामने आए। इसके बाद एसडीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक सरगुजा वनवृत्त दिलराज प्रभाकर ने वन वाटिका के प्रभारी समेत तीन सहायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सरगुजा वनमंडल अंबिकापुर निर्धारित किया गया है।
वन विभाग ने मामले की जांच तेज कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
