छत्तीसगढ़ में दो सड़क हादसों में पांच की मौत, ट्रक टक्कर के बाद आग में दो जिंदा जले
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। पहली घटना मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई। दूसरी घटना कोरबा जिले में हुई, जहां ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई।
केल्हारी थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में तीन युवक एक ही बाइक से केल्हारी की ओर जा रहे थे। धनुहर नाले के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। केल्हारी थाना प्रभारी मनीष ध्रुवे ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
कोरबा में ट्रेलर और ट्रक में भिड़ंत, आग में दो की मौत
दूसरी घटना कोरबा जिले के मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे केंदई झरना के पास हुई। कोयले से लदा ट्रेलर और सीमेंट से भरा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर कोरबा से आ रहा था, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की ओर से आ रहा था। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना हुई। ट्रेलर चालक वाहन से कूदकर बाहर निकल गया, जबकि ट्रक चालक और हेल्पर केबिन में फंस गए और आग की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कटघोरा से दमकल वाहन पहुंचने में समय लगा। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
