कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में आग, कई कंडम एंबुलेंस जलकर खाक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे परिसर में लंबे समय से खड़ी आधा दर्जन कंडम एंबुलेंस और अन्य वाहन जलकर खाक हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। मौके पर मरीजों के परिजन, अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था। इन वाहनों को हटाने की मांग कई बार की गई थी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कंडम वाहनों को हटा दिया जाता तो इस तरह की घटना की संभावना कम हो सकती थी।

जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. केके सहारे ने बताया कि परिसर में खड़े कंडम वाहनों में आग लगने की घटना सामने आई है। आग कैसे लगी और किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, हालांकि कई वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। प्रशासन फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

About The Author