सड़क उखाड़ने के आरोप में कांग्रेस नेता पर एफआईआर, जांच में गुणवत्ता सही मिली
कवर्धा। जिले की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी के खिलाफ तरेगांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ निर्माणाधीन सड़क को गैती से उखाड़कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया और सड़क को घटिया बताकर शासन प्रशासन की छवि खराब करने की कोशिश की।
सूत्रों के अनुसार संबंधित ठेकेदार की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया। वीडियो सामने आने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच में सड़क की गुणवत्ता सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए केस दर्ज कर लिया।
बताया गया कि कोयलारी से मूधिया पथरा तक बैगा बहुल क्षेत्र में करीब 2.1 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है, जिसकी लागत लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये है। परियोजना का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा देना है, लेकिन घटना के बाद यह निर्माण कार्य राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
