रतनपुर में सड़क निरीक्षण पर निकले इंजीनियर को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में शनिवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एक इंजीनियर सड़क हादसे का शिकार हो गए। वे अपनी स्कूटी से बेलगहना की ओर निर्माण कार्य का जायजा लेने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इंजीनियर जैसे ही हाईवे से मुड़कर रतनपुर की ओर बढ़े, सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए एक पिकअप वाहन की मदद से घायल इंजीनियर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में फरार चालक को लेकर भारी आक्रोश है। रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर जल्द ही फरार कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
