छत्तीसगढ़ में सुकमा-बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, कई नक्सली ढेर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुकमा और बीजापुर जिलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ जारी है। सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच लगातार गोलीबारी हो रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
वहीं बीजापुर जिले में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीम नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान शनिवार तड़के सुबह करीब 5 बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। मुठभेड़ स्थल से अब तक दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए फिलहाल मुठभेड़ के सटीक स्थान और ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।
