नवरात्रि में बिरनपुर शक्ति मंदिर में राहुल गांधी के नाम पर ज्योत, कांग्रेसियों ने की शांति और सत्ता वापसी की प्रार्थना
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में नवरात्रि पर्व के दौरान जहां श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं, वहीं बेमेतरा जिले के बिरनपुर स्थित शक्ति मंदिर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के नाम पर ज्योत जलाकर क्षेत्र में सुख-शांति और कांग्रेस की सत्ता वापसी के लिए प्रार्थना की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में बेहतर माहौल की कामना के उद्देश्य से किया गया है। किसान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष बलदाऊ प्रसाद मिश्रा और प्रदेश महासचिव राजेंद्र साहू ने कहा कि पिछले वर्षों की घटनाओं से सबक लेते हुए अब सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक स्थिरता की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में बिरनपुर के शक्ति घाट क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हिंसा की घटना हुई थी, जिसमें भुवनेश्वर साहू की मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था और मामला राजनीतिक रूप ले चुका था। घटना के बाद कुछ स्थानों पर आगजनी भी हुई थी, वहीं 10 अप्रैल को दो अन्य लोगों के शव मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई थी। हालात को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी थी और करीब दो सप्ताह तक कर्फ्यू जारी रहा था।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उस समय आपसी विवाद के राजनीतिकरण से पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसी परिस्थितियों से बचते हुए विकास और शांति पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में साजा सीट से भाजपा उम्मीदवार ईश्वर साहू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र चौबे को पराजित किया था। ईश्वर साहू के पुत्र की मौत भी उसी हिंसक घटना में हुई थी, जिसके बाद यह मुद्दा चुनाव में प्रमुख रूप से उभरा।
नवरात्रि के इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां शक्ति से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और राजनीतिक मजबूती की कामना की है।
