सुकमा में दुर्गा ज्वेलर्स लूटकांड मात्र तीन घंटे में सुलझा, मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 4 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे मेन रोड स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों द्वारा की गई बड़ी लूट की वारदात को सुकमा पुलिस ने महज तीन घंटे के अंदर सुलझा लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके पास से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, एक पिस्टल, चाकू, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले के सभी प्रवेश-निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर दी गई तथा विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस की सघन तलाशी और त्वरित कार्रवाई से घटना के मात्र तीन घंटे के भीतर सभी आरोपी पकड़ लिए गए।
पूछताछ में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड सुकमा निवासी अंकित सरकार उर्फ अंकित राय है, जो गांजा तस्करी में संलिप्त एवं आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। उसने लूट की मंशा से मध्य प्रदेश से अपने दो साथियों कोमल सिंह और आर्यन को 1 दिसंबर को सुकमा बुलाया। तीनों ने अंकित के किराए के मकान में ठहरकर लगातार दुकान की रेकी की और कमरे में बैठकर पूरी लूट की योजना बनाई।
वारदात के दिन अंकित सरकार मोटरसाइकिल पर दुकान के आसपास पुलिस गश्त पर नजर रखता रहा ताकि साथियों को भगाने में मदद कर सके, जबकि कोमल सिंह और आर्यन नकाब पहनकर पिस्टल व चाकू के साथ दुकान में घुसे और दुकानदार को धमकाकर आभूषण लूट लिए। लूट के तुरंत बाद एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि दूसरा अंधेरे में फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 309(6), 311, 332(बी), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।
