दुर्ग : आपसी रंजिश में छोटे भाई ने बड़े भाई की हसिया से वार कर हत्या की, पत्नी भी हिरासत में
दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना में आपसी रंजिश के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। मृतक का नाम राजू निर्मलकर था, जो ठेका मजदूरी करता था। आरोपी उसका छोटा भाई है, जो कोई काम नहीं करता था।
मृतक के साले सुखदेव सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह से दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दिन में दोनों एक-दूसरे पर चाकू लेकर दौड़े भी, लेकिन मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। शाम को फिर विवाद बढ़ गया। आरोपी ने अपनी पत्नी से हसिया मंगवाई और बड़े भाई राजू निर्मलकर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में राजू के दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राजू को तुरंत एंबुलेंस से सुपेला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उसने दम तोड़ दिया। शव को मर्चुअरी में रखवाया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी छोटे भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
