दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला: एक भारतीय सहित चार लोग घायल, उड़ानों के संचालन पर असर

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास बुधवार को ड्रोन हमले की घटना सामने आई है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोग घायल हो गए। दुबई के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बुधवार सुबह एयरपोर्ट के आसपास दो ड्रोन गिरे, जिससे दो घाना के नागरिकों और एक बांग्लादेशी नागरिक को मामूली चोटें आईं, जबकि एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। हालांकि ड्रोन हमले के बावजूद हवाई यातायात सामान्य रूप से जारी है।

दुबई एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन करने वाली दुबई एयरपोर्ट्स ने बताया कि 7 मार्च से दोनों एयरपोर्ट पर उड़ानें आंशिक रूप से फिर से शुरू कर दी गई हैं। इससे पहले कुछ समय के लिए उड़ानों को रोक दिया गया था। यात्रियों से अपील की गई है कि वे तब तक एयरपोर्ट न पहुंचें, जब तक उनकी एयरलाइन यह पुष्टि न कर दे कि उनकी फ्लाइट निर्धारित समय पर है। वर्तमान में उड़ानों का शेड्यूल लगातार बदल रहा है और औसतन 60 से 90 मिनट की देरी देखी जा रही है।

इससे पहले 1 मार्च को भी दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक हिस्से में ड्रोन हमले के कारण हल्का नुकसान हुआ था। हालांकि स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया था। उस घटना में चार कर्मचारी घायल हुए थे, जिन्हें तत्काल उपचार दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पहले से तैयार इमरजेंसी प्लान के चलते अधिकांश टर्मिनलों से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक माना जाता है।

40 हजार से अधिक उड़ानें रद्द

ईरानी हमलों के कारण 28 फरवरी से अब तक मिडिल ईस्ट के सात प्रमुख एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली 40 हजार से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। इनमें दुबई इंटरनेशनल, दोहा का हमद इंटरनेशनल, अबू धाबी का जायद इंटरनेशनल, शारजाह इंटरनेशनल, कुवैत इंटरनेशनल, बहरीन इंटरनेशनल और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल एयरपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा 51 हजार 600 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है। कोरोना महामारी के बाद यह हवाई यात्रा में सबसे बड़ी बाधा मानी जा रही है। यूएई में उड़ानें रद्द या पुनर्निर्धारित होने से एक समय में लगभग 20 हजार 200 यात्री प्रभावित हो रहे हैं।

About The Author