धमतरी: घने कोहरे में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात पुलिस की अपील

धमतरी। घने कोहरे के कारण बढ़ते सड़क दुर्घटना के खतरे को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने चार पहिया वाहन चालकों तथा आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

यातायात पुलिस ने कहा कि घने कोहरे में दृश्यता कम हो जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सावधानी ही सुरक्षित यात्रा तथा जीवन का सबसे मजबूत आधार है। पुलिस ने नागरिकों से अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने का आग्रह किया है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निम्नलिखित सावधानियां अपनाने की सलाह दी है:

  1. वाहन चलाते समय लो बीम लाइट का प्रयोग करें।
  2. वाहन की गति सीमित रखें।
  3. आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
  4. ओवरटेकिंग से बचें।
  5. विंडशील्ड तथा शीशे साफ रखें।
  6. यदि कोहरा अत्यधिक हो और आगे दिखाई न दे तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें।
  7. रुके हुए वाहन पर हैजर्ड लाइट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।
  8. सड़क पर बनी मार्किंग तथा लेन का पालन करें।

About The Author