धमतरी: ग्राम बोडरा में भीषण आग, 500 एकड़ में फसल जलकर खाक

धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोडरा में गुरुवार को भीषण आग लगने से किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल जलकर राख हो गई। आगजनी की इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, गांव के किसानों ने खेतों में चना, राहर, सरसों, लाखड़ी और पैरा की फसल तैयार की थी। अचानक खेतों से उठती आग की लपटों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 400 से 500 एकड़ क्षेत्र में लगी फसल इसकी चपेट में आ गई।

सूचना मिलते ही किसान आनन-फानन में खेतों की ओर दौड़े। दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई, लेकिन चारों ओर फसल और संकरे रास्ते होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और आसपास के खेतों में लगे मोटर पंपों को चालू कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद किसानों ने आग पर नियंत्रण पा लिया, हालांकि कुछ स्थानों पर देर तक धुआं और हल्की लपटें उठती रहीं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है।

About The Author