उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर के नम्बी कैंप में जवानों से की मुलाकात, नक्सल मोर्चे पर वीरता की सराहना
बीजापुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल स्थित नम्बी ग्राम में पहुंचकर 196वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कैंप का निरीक्षण किया।
उन्होंने कैंप में तैनात जवानों से मुलाकात कर उनके नक्सल मोर्चे पर किए जा रहे अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
“जवानों का साहस बस्तर में स्थायी शांति की नींव” — उपमुख्यमंत्री शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवानों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य में स्थायी शांति स्थापना और विकास की दिशा में सुरक्षा बलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा — “हमारे वीर जवानों ने नक्सल हिंसा पर नियंत्रण के साथ-साथ ग्रामीणों के बीच शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास जगाने में सराहनीय भूमिका निभाई है।”
शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में लागू संवेदनशील पुनर्वास नीति के परिणामस्वरूप अब भटके हुए युवा मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जिसमें सशस्त्र बलों का योगदान अत्यंत प्रशंसनीय है।

ग्रामीण विकास और विश्वास निर्माण की पहल की सराहना...
गृह मंत्री ने जवानों द्वारा ग्रामीणों के जीवनस्तर सुधारने, शिक्षा-संवर्धन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी पहलों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल केवल सुरक्षा का नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का भी माध्यम बन रहे हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश...
इस दौरान उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कैंप परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जवानों को इस पहल से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि हर पौधा एक जीवन और हर वृक्ष भविष्य की सांस है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद...
इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चौतराम अटामी, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, आयुक्त डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर संबित मिश्रा, एसपी डॉ. जितेंद्र यादव, डीएफओ रंगानाथन रामकृष्णन वाय सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
