दिल्ली में NEET प्रदर्शन हिंसक, पुलिस पर पथराव; कई जवान घायल

नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को एक बार फिर हिंसक हो गया। दिल्ली के टॉलस्टॉय मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के तहत RAF और पुलिस की टीमें नियमित रूप से तैनात थीं। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी अचानक उग्र हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंकने लगे। कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में डंडे भी थे, जिनका इस्तेमाल पुलिस पर हमला करने के लिए किया गया।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए छोड़े गए आंसू गैस के गोले

हिंसक स्थिति को देखते हुए RAF और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए 2 से 3 आंसू गैस के गोले छोड़े गए और सीमित बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया गया।

कई पुलिसकर्मी घायल

पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

जंतर-मंतर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

About The Author