दिल्ली: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में भीषण विस्फोट, 10 की मौत, 24 घायल
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के समीप मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर एक खड़ी ईको वैन में शक्तिशाली विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वैन सहित आसपास खड़ी पांच से छह गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर बिखरे मलबे के साथ स्ट्रीट लाइटें भी टूट गईं।
लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल सूत्रों ने अब तक 10 लोगों की मौत और 24 के घायल होने की पुष्टि की है। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतकों के शव LNJP अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं। मृतक संख्या में और वृद्धि की आशंका बनी हुई है।
दिल्ली फायर सर्विसेज को विस्फोट की सूचना शाम 6:55 बजे मिली थी, जिसके तुरंत बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक और टेक्निकल विशेषज्ञों की टीमें घटनास्थल पर जांच में जुटी हुई हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी मौके के लिए रवाना हो चुकी है।
विस्फोट के कारणों की हर संभावना से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन में सीएनजी लीक या किसी विस्फोटक पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है। अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
घटना के बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 1 और आसपास का पूरा इलाका सील कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
