नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का अनशन 81वें दिन भी जारी, विधानसभा घेराव से पहले रोके गए

रायपुर। सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन शनिवार को 81वें दिन भी जारी रहा। न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थी दंडवत प्रणाम करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया।

मौके पर मौजूद एसडीएम ने अभ्यर्थियों को बताया कि वे बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हुए हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आगे बढ़ने की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर के तूता स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। वे 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मामले में हाईकोर्ट ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को तथा सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को आदेश जारी करते हुए 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के स्थान पर 2621 डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण अब तक 1326 पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल सकी है।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग ने 2621 पदों पर दस्तावेज सत्यापन किए बिना ही कॉमन मेरिट सूची के आधार पर स्कूलों का आवंटन कर दिया, जिससे कई अपात्र अभ्यर्थियों को भी स्कूल मिल गए। इसके कारण बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित रह गए।

डीएड अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सभी पात्र अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए।

About The Author