छत्तीसगढ़ में दितवाह चक्रवात का असर बरकरार, कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात दितवाह का प्रभाव कमजोर जरूर पड़ा है, लेकिन इसका असर राज्य के मौसम पर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान अवदाब में बदल गया है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि अवदाब पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर सक्रिय है और चेन्नई तट से लगभग 30 किलोमीटर दूर केंद्रित है। सिस्टम कमजोर होने के बावजूद इससे नमी में वृद्धि हुई है, जिसके चलते प्रदेश में छिटपुट वर्षा हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज बादल छाए रहने का अनुमान है। राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री और अधिकतम लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल तापमान में तेज गिरावट की संभावना नहीं है, लेकिन दो दिनों बाद ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
