CG News: चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर अमित शाह ने CM विष्णु देव साय से की चर्चा, छत्तीसगढ़ में फिलहाल बाढ़ और जनहानि की सूचना नहीं

रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से फोन पर चर्चा कर छत्तीसगढ़ के मौजूदा हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें प्रदेश में हो रही बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों से अवगत कराया।

छत्तीसगढ़ में बारिश, प्रशासन अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है। हालांकि, अभी तक राज्य में कहीं से भी बाढ़ की स्थिति या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है।

जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव की तैयारी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं, ताकि परिस्थितियों के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने चक्रवात प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार भी व्यक्त किया।

अमित शाह ने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी दूरभाष पर चर्चा कर चक्रवात की स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने सभी प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

About The Author