ऑनलाइन बेटिंग के नाम पर 5 साल में 75 लाख की साइबर ठगी, तेलंगाना पुलिस ने जारी की सलाह
सिकंदराबाद। तेलंगाना के सिकंदराबाद में एक 32 वर्षीय व्यक्ति को साइबर ठगों ने चालाकी से शिकार बनाया। 2021 से 2025 तक चली इस ठगी में उसे 75 लाख रुपये का नुकसान हुआ। ठग ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर ऑनलाइन बेटिंग गेम्स का लालच दिया तथा छोटे निवेश से भरोसा जीतकर बड़ी रकम हड़प ली।
जानकारी के अनुसार, 2021 में व्यक्ति को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला, जिसमें ठग ने खुद को प्रमोशनल ऑनलाइन बेटिंग गेम्स का कर्मचारी बताया। उसने क्रिकेट, तीन पत्ती और कसीनो जैसे गेम्स में भारी कमाई का वादा किया तथा फाइवस्टार क्रिकेट एविएटर फ्लाइट गेम की सिफारिश की।
व्यक्ति ने शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश किए, जिस पर उसे कुछ रिटर्न मिला। इससे भरोसा मजबूत होने पर वह अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने लगा, लेकिन सारा पैसा डूब गया।
2022 में ठग ने दोबारा संपर्क किया तथा दूसरे प्लेटफॉर्म की जानकारी दी। व्यक्ति ने छोटी रकम से शुरुआत की तथा 2025 तक कुल 75 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों, यूपीआई और नंबर्स पर हस्तांतरित कर दिए। पैसे निकालने की कोशिश पर ठगी का खुलासा हुआ।
तेलंगाना पुलिस ने आम जनता के लिए सलाह जारी की है कि अवैध ऑनलाइन बेटिंग और कसीनो प्लेटफॉर्म्स से दूर रहें। व्हाट्सएप, टेलीग्राम, एसएमएस या सोशल मीडिया पर मोटी कमाई के लालच से बचें। ठग पहले छोटे रिटर्न देकर भरोसा जीतते हैं, फिर बड़ी रकम अलग-अलग खातों में मांगते हैं। एक बार बड़ा ट्रांसफर होने पर प्लेटफॉर्म और संपर्क बंद कर देते हैं। कम समय में भारी कमाई के दावों में न फंसें।
