रायपुर में मंगलवार को कांग्रेस का विधानसभा घेराव, केनाल रोड पर रहेगा भारी ट्रैफिक जाम

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव के आह्वान के चलते शहर के यातायात में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रदर्शन के दौरान केनाल रोड पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है, जिसके चलते इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक पूरी तरह बाधित रह सकता है। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में राज्य भर से बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग इस प्रकार रहेंगे:

पंडरी की ओर से आने वाले वाहन चालक शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय गली से शंकर नगर की ओर जा सकेंगे।

आनंद नगर चौक से केनाल रोड के रास्ते पंडरी जाने वाले लोग आनंद नगर चौक से भगत सिंह चौक, अम्बेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

प्रशासन ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे उक्त समय के दौरान केनाल रोड से गुजरने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का ही चयन करें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। प्रदर्शन के कारण शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

About The Author