मैनपुर में गैस की महंगाई और किल्लत को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, नाले के पास चाय बनाकर जताया विरोध

गरियाबंद। मैनपुर नगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ एक अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की शवयात्रा निकाली और बाद में नाले के पास चूल्हा जलाकर चाय बनाने का प्रयास किया। यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रदर्शन की शुरुआत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों से हुई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता बस स्टैंड के पास स्थित एक नाले के पास पहुंचे और वहां बर्तन-कुल्हड़ लेकर चाय बनाने की कोशिश की। कांग्रेस का यह कदम सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो पर तंज था, जिसमें नाले की गैस से चाय बनाने का दावा किया गया था।

प्रदर्शन में शामिल जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नाले की गैस से चाय बनाने जैसे दावे करते हैं, लेकिन इससे आम जनता की महंगाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दाम बढ़ने और उसकी किल्लत से आम गृहणियां परेशान हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, इसलिए हमने प्रतीकात्मक रूप से यह प्रदर्शन कर सरकार को जनता की परेशानियों की याद दिलाई है। कांग्रेस के इस अनूठे विरोध को देखने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। फिलहाल, इस प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं।

About The Author