छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगी शीतलहर, अगले तीन दिन कई जिलों में अलर्ट
रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ में ठंड एक बार फिर शीतलहर के रूप में लौटने वाली है। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। ठंड का सबसे अधिक असर राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में घनी धुंध और कोहरे की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते तीन दिनों से नमी युक्त हवाओं के प्रभाव के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है। इसके चलते रात के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का नया दौर शुरू होगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में ठंड का असर बना रहेगा। इस दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना है। विभाग ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मोहला-मानपुर और खैरागढ़-छुईखदान जिलों के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है।
हवा में नमी कम होने के कारण पिछले 24 घंटे में अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर आ गया है। वहीं पेंड्रा और अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो चुका है। बीते 24 घंटे में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में यह 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्य रूप से धुंधला रहने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
