मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने दोनों महान विभूतियों के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी स्मृति को नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का मूलमंत्र बनाकर देश को स्वतंत्रता दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनका जीवन आज भी हमें सिखाता है कि अडिग विश्वास और सत्याग्रह के मार्ग पर चलते हुए कठिन से कठिन परिस्थितियों को बदला जा सकता है। गांधी जी के विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने में सदैव प्रासंगिक रहेंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, सेवा और ईमानदारी के बल पर राजनीति में नई मिसाल कायम की। उनका दिया नारा “जय जवान, जय किसान” देशवासियों के मनोबल को आज भी ऊँचाइयों तक ले जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी की निष्ठा और आदर्श हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।इस मौके पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

About The Author