CM Vishnu Deo Sai Meets Odisha CM: भुवनेश्वर में मोहन चरण माझी से मिले मुख्यमंत्री साय, विकास और जनकल्याण पर हुई चर्चा
भुवनेश्वर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री माझी ने श्री साय का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
आपसी सहयोग और विकास के मुद्दों पर विचार-विमर्श
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच दोनों राज्यों के आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से गहरे रिश्ते
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी गहरे संबंध हैं। दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच भी लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं।
बेहतर समन्वय से क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय होने से आम नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही इससे पूरे क्षेत्र के विकास और प्रगति को नई गति मिल सकती है।
दोनों मुख्यमंत्रियों की इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आपसी सहयोग तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर संवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
