Madku Dweep: हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचे CM साय, रामाश्रय और गणेश मंदिर में की पूजा

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कन्या पूजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धापूर्वक कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कन्या भोज में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन हमारी समृद्ध परंपरा में मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

इतिहास, आस्था और प्रकृति का संगम है मदकूद्वीप

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण है। मदकूद्वीप भी प्रदेश की महत्वपूर्ण धरोहरों में शामिल है, जहां इतिहास, आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल नई पीढ़ी को प्रदेश की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मंदिर संग्रहालय का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों के संबंध में जानकारी ली तथा मदकूद्वीप के ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं आध्यात्मिक महत्व से रूबरू हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण एवं संवर्धन बेहद महत्वपूर्ण है। हमारी ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली अमूल्य निधि हैं।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक पुन्नू लाल मोहले, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author