CM Mohan Yadav Ujjain Visit: मुख्यमंत्री ने बाइक और पैदल घूमकर किया सिंहस्थ-2028 के निर्माण कार्यों का निरीक्षण, खुद बनाई जलेबी
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार शाम उज्जैन में अलग अंदाज में सिंहस्थ-2028 महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने दोपहिया वाहन चलाकर और पैदल शहर का भ्रमण करते हुए विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से बातचीत की तथा शहर के विकास कार्यों पर फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री वीआईपी गेस्ट हाउस से देवास रोड, माधवनगर, टॉवर चौक और फ्रीगंज होते हुए निर्माणाधीन स्थलों तक पहुंचे। उन्होंने फ्रीगंज ब्रिज के समानांतर बन रहे नए पुल का निरीक्षण किया और सेतु विभाग के अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी अवलोकन किया।
रहवासियों और व्यापारियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निर्माण कार्यों के संबंध में सुझाव भी लिए। उन्होंने निजातपुरा क्षेत्र पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया।
पैदल भ्रमण कर लिया विकास कार्यों का फीडबैक
मुख्यमंत्री ने कोयला फाटक से निजातपुरा तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और विकास कार्यों को लेकर उनकी राय जानी।
मिठाई की दुकान पर बनाई जलेबी, चाय का लिया आनंद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री कंठाल चौराहे की एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान पर भी पहुंचे। उस समय दुकान संचालक जलेबी बना रहे थे। उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री ने स्वयं कढ़ाई में जलेबी बनाई और बाद में दुकानदारों के साथ बैठकर शाम की चाय का आनंद भी लिया। मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
सिंहस्थ-2028 के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े कई निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कई अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि आमजन विकास कार्यों से संतुष्ट हैं और जिन परियोजनाओं की लंबे समय से आवश्यकता थी, वे अब तेजी से पूरी की जा रही हैं। आने वाले समय में निर्माण कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर की सावन-भादौ मास की सवारी के सफल संचालन और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भी विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
