जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबे CM मोहन यादव, सिर पर लड्डू गोपाल को धारण कर पहुंचे राधा-कृष्ण मंदिर
भोपाल। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भोपाल के जहांगीराबाद स्थित बरखेड़ी के राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री का भक्ति से जुड़ा एक खास अंदाज भी देखने को मिला—उन्होंने बाल कन्हैया यानी लड्डू गोपाल को अपने सिर पर धारण कर मंदिर में प्रवेश किया।
लड्डू गोपाल को सिर पर धारण कर मंदिर पहुंचे CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरखेड़ी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच जन्माष्टमी को लेकर खास उत्साह और भक्तिमय माहौल नजर आया।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
झांकी समारोह में भी हुए शामिल
जन्माष्टमी के अवसर पर बरखेड़ी में हर वर्ष आयोजित होने वाले झांकी (चल) समारोह में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहभागिता की। उन्होंने आयोजन में मौजूद श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
धर्म, कर्म और लोककल्याण का दिया संदेश
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति के विस्तार की कामना करते हुए जन्माष्टमी के पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
बरखेड़ी के जन्माष्टमी समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी, राहुल कोठारी, रविन्द्र यति, अमन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना, आरती और झांकी समारोह के बीच बरखेड़ी का पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में नजर आया।
