कोरबा में 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- मेडिकल कॉलेज को सौंप दें मेरी देह

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में 12वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परीक्षा देने केंद्र नहीं पहुंचने पर शिक्षक उसके घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर छात्र का शव पंखे से लटका मिला। शिक्षकों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

मृतक की पहचान उज्वल डडसेना 17 वर्ष के रूप में हुई है। वह एसईसीएल डीएवी स्कूल का कक्षा 12वीं का छात्र था। वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर आईटीआई बस्ती में अपनी बहन और जीजा के घर रहता था। घटना के समय वह घर में अकेला था। उसकी बहन आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका है और ड्यूटी पर गई हुई थी, जबकि जीजा अपने फोटोग्राफी कार्य से बाहर गए थे।

पुलिस को मृतक की जेब से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उल्लेख है कि उसकी मृत्यु के बाद शव को मेडिकल कॉलेज को सौंप दिया जाए। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सुसाइड नोट बरामद हुआ है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

About The Author