12वीं हिंदी पेपर लीक की आशंका पर परीक्षा निरस्त, 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के पेपर लीक होने के दावों के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बड़ा निर्णय लेते हुए परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। इस संबंध में मंडल ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
गौरतलब है कि कक्षा 12वीं का हिंदी पेपर 14 मार्च 2026 को आयोजित किया गया था। परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से वायरल होने का दावा किया गया था, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
छात्र संगठन एनएसयूआई ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए पेपर लीक का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन ने इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है और वायरल प्रश्नपत्र की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
