रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ, सीएम ने सीएनजी वाहनों को दिखाई हरी झंडी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इस विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल केवल नई सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त कदम है।
उन्होंने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर रिफिल की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से उद्योग क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश में निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि रायपुर सहित बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले में जल्द ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और नागरिकों के ईंधन खर्च में भी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी बेहतर सुविधाएं पहुंचें और प्रदेशवासियों को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाओं का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर आगे बढ़ना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने और हरित, विकसित तथा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शुरू की गई है। इसके माध्यम से घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पाइपलाइन के जरिए पीएनजी गैस की आपूर्ति की जाएगी और वाहनों के लिए सीएनजी भी उपलब्ध होगी।
