मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक पहुंचे दिव्यांग आवासीय विद्यालय, बच्चों को बस देने की घोषणा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक छात्रों के बीच पहुंचे। विद्यालय पहुंचते ही विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय के लिए एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को आईएएस और आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी शारीरिक कमी से निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले लोगों में अपार क्षमता होती है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद भी दिया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री के साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।
उल्लेखनीय है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को किया गया था। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। वर्तमान में यहां 60 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय में आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, खेलकूद, योग, व्यायाम और कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
