मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया महोत्सव में हितग्राहियों को बांटी सामग्री, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और ई-रिक्शा का किया वितरण

कोरिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने कोरिया प्रवास के दौरान कोरिया महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर उन्हें लाभान्वित किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 105 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलेगी और उन्हें स्वच्छ व सुरक्षित ईंधन की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार आएगा।

महिला सशक्तिकरण और स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा यानी ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस की चाबियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी। इसके साथ ही जिले की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने दोहराया कि सरकार जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है ताकि प्रदेश का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author