मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुरनगर में दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता महावीर प्रसाद जैन को दी श्रद्धांजलि
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुरनगर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय महावीर प्रसाद जैन के निवास पहुंचकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दुखद अवसर पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय महावीर प्रसाद जैन के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान के लिए किया गया उनका कार्य सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत आत्मा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
