मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री मांडविया से की भेंट, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के सफल आयोजन पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की मेजबानी राज्य के लिए गर्व का विषय है, जो जनजातीय परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

चर्चा में मुख्यमंत्री ने बताया कि गेम्स में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित सात मुख्य खेलों की स्पर्धाएं होंगी, जबकि दो खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत किए जाएंगे। सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी एवं वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल एवं तैराकी तथा बिलासपुर में एथलेटिक्स का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में होगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना की तथा जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा की प्रचुरता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खेलों के प्रति उत्साह और अवसर पैदा करेंगे तथा सभी तैयारियों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गेम्स से आदिवासी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलेंगे तथा छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए धन्यवाद दिया तथा कहा कि इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने राज्य में खेल आधारभूत ढांचे के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में मंत्रालय के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, ऐतिहासिक लेबर कोड के कार्यान्वयन पर केंद्रीय मंत्री को बधाई दी तथा कहा कि इससे श्रमिक हितों की सुरक्षा, सामाजिक कवरेज एवं श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता एवं सरलता को नई दिशा मिली है।

About The Author