मुख्यमंत्री साय ने सरगुजा ओलंपिक के लोगो और शुभंकर गजरु का किया अनावरण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित एक समारोह में सरगुजा ओलंपिक के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) और शुभंकर ‘गजरु’ का अनावरण किया। बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ के माध्यम से सरगुजा अंचल की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का एक बड़ा मंच मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के लिए करीब 3 लाख 50 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिसमें महिलाओं की संख्या 1 लाख 89 हजार और पुरुषों की संख्या 1 लाख 59 हजार है। मुख्यमंत्री ने इस भारी उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या युवाओं के समर्पण को दर्शाती है।
उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य की खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही, उन्हें यूथ आइकॉन घोषित कर अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
सरगुजा ओलंपिक 2026 के लोगो में मैनपाट के टाइगर पॉइंट जलप्रपात और 12 खेलों के प्रतीकों को शामिल किया गया है, जो इस अंचल की प्राकृतिक सुंदरता और समावेशिता का संदेश देते हैं। वहीं, शुभंकर ‘गजरु’ हाथी के माध्यम से शक्ति, धैर्य और टीम वर्क की भावना को दर्शाया गया है। यह आयोजन विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी और हॉकी समेत कुल 12 विधाओं में आयोजित किया जाएगा।
