RSS नेता सुकालू राम बघेल के निधन पर मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बस्तर संभाग के विभाग संघचालक सुकालू राम बघेल के सड़क दुर्घटना में निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा कि बस्तर संभाग के संघचालक श्री सुकालू राम बघेल का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर टाटा मैजिक वाहन और एक बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में सुकालू राम बघेल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में बाइक और टाटा मैजिक में सवार चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला बड़ांजी थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक वाहन जगदलपुर से चित्रकोट की ओर जा रहा था, जबकि विपरीत दिशा से बाइक सवार आ रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार काफी दूर जा गिरा। हादसे में सुकालू राम बघेल की जान चली गई, जिससे संघ और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
