छत्तीसगढ़: नई कलेक्टर गाइडलाइन दरों में 800% तक बढ़ोतरी, CM साय ने कहा- जनता को परेशानी नहीं होने देंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जनवरी 2026 से लागू नई कलेक्टर गाइडलाइन दरों में कई क्षेत्रों में 100% से लेकर 800% तक की भारी वृद्धि के बाद राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। किसान, व्यापारी और आम जनता के साथ-साथ विपक्षी दल भी सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि सरकार जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद पहली बार गाइडलाइन दरों में संशोधन किया गया है, जबकि नियम के अनुसार हर साल संशोधन अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विभागीय स्तर पर अभी भी मंथन जारी है और जरूरत पड़ी तो नई दरों में पुनर्विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई दरों के कई सकारात्मक पहलू हैं जो अभी जनता के सामने स्पष्ट नहीं हो पा रहे, लेकिन यदि आम लोगों को असुविधा हो रही है तो सरकार समीक्षा कर राहत के सभी विकल्पों पर गंभीरता से विचार करेगी।
